JHARKHAND-Ranchi-ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन,रांची जिला के बुढ़मू प्रखंड में ,सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची परिवहन विभाग की सेवाएं
Ranchi-ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन,रांची जिला के बुढ़मू प्रखंड में ,सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची परिवहन विभाग की सेवाएं
सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची परिवहन विभाग की सेवाएं
रांची जिला के बुढ़मू प्रखंड में पंचायत स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन
सचिव, परिवहन विभाग, झारखंड श्री राजीव रंजन द्वारा किया गया शिविर का शुभारंभ
शिविर में 250 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ
53 आवेदकों को जारी किया गया प्रशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (LL)
परिवहन विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय, रांची द्वारा आज बुढ़मू प्रखंड के ग्राम पंचायत गुडगाईं में चालक अनुज्ञप्ति (ड्राइविंग लाइसेंस) हेतु विशेष पंचायत स्तरीय कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ सचिव, परिवहन विभाग, झारखंड श्री राजीव रंजन द्वारा किया गया।
इस विशेष कैंप का उद्देश्य ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को उनके घर के निकट परिवहन विभाग की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाना था। कैंप में बुड़मू प्रखंड सहित आसपास के पंचायतों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 250 से अधिक आवेदकों को आवश्यक दस्तावेजों की जांच, ऑनलाइन आवेदन, स्लॉट बुकिंग एवं लाइसेंस प्रक्रिया से संबंधित सहायता प्रदान की गई।
कैंप में सचिव, परिवहन विभाग, झारखंड श्री राजीव रंजन के साथ आयुक्त-सह-सचिव, छोटानागपुरी प्राधिकरण, रांची, जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बुढ़मू तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुखिया एवं उप-प्रमुख सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला परिवहन कार्यालय, रांची के अधिकारियों एवं मोटरयान निरीक्षकों द्वारा आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पात्र आवेदकों का लर्निंग लाइसेंस टेस्ट भी कैंप स्थल पर आयोजित किया गया।
कैंप के दौरान आवेदकों को सड़क सुरक्षा नियमों, जिम्मेदार वाहन संचालन तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। ऑनलाइन लॉगिन टेस्ट के उपरांत 86 आवेदनों का निष्पादन करते हुए 53 प्रशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (LL) जारी की गई।
सचिव, परिवहन विभाग, झारखंड श्री राजीव रंजन ने कैंप में उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके निकटतम स्तर पर उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से सुदूरवर्ती पंचायतों में ऐसे विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची श्री अखिलेश कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग के निर्देशानुसार रांची जिले के अन्य सुदूरवर्ती प्रखंडों एवं पंचायतों में भी चरणबद्ध तरीके से ऐसे विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को पारदर्शी एवं सुगम परिवहन सेवाओं का लाभ मिल सके।
