
JHARKHAND-RANCHI-दुकानदारों में मचा हड़कंप,जब दो दुकानें हुई सील ? RMC सख्त एक्शन में, लेकिन दुकानों को क्यों किया जा रहा है सील ? देखें
RANCHI-रांची नगर निगम के निर्देशों के अवहेलना पर रोशपा टावर के दो प्रतिष्ठानों को किया गया सील
रांची नगर निगम के द्वारा निगम क्षेत्रांतर्गत भवनों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में होल्डिंग, ट्रेड लाइसेंस एवं रेजिडेंशियल होल्डिंग में व्यावसायिक गतिविधियों की जांच हेतु लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है व विधिसम्मत कार्रवाई की जा रहीं है।
इस क्रम में आज दिनांक 10.02.2025 को सहायक प्रशासक के नेतृत्व में निगम के राजस्व शाखा की टीम के द्वारा रोशपा टावर अवस्थित दो प्रतिष्ठान, यथा POJ Furniture एवं One Stop Services, को सील किया गया।
क्यों किया गया सील?
निगम की टीम के द्वारा पूर्व में POJ Furniture को ट्रेड लाइसेंस प्राप्त करने हेतु दिनांक 26.11.2024, 20.12.2024 एवं 31.01.2025 को नोटिस निर्गत किया गया था। साथ ही कर संग्रहकर्ताओं के द्वारा भी कई बार स्वयं जा कर प्रतिष्ठान में ट्रेड लाइसेंस प्राप्त कर लेने हेतु निर्देशित किया गया था।
निगम की टीम के द्वारा One Stop Services में पूर्व में कई बार लाइसेंस प्राप्त करने हेतु निर्देश दिया गया।
इसके अलावा निगम द्वारा दिनांक 31.01.2025 को ट्रेड लाइसेंस हेतु विशेष शिविर का भी आयोजन किया गया था। जिसपर प्रतिष्ठानों के द्वारा ट्रेड लाइसेंस लेने में रुचि नहीं दिखाई गई। जिसके उपरांत झारखंड व्यापार लाइसेंस विनियम, 2017 के कंडिका 19 का प्रयोग करते हुए निगम द्वारा दुकानों को सील किया गया।
मौके पर सहायक प्रशासक द्वारा बताया गया कि निगम क्षेत्रांतर्गत व्यवसाय करने वाले सभी दुकानदारों को म्युनिसिपल ट्रेड लाइसेंस लेना अनिवार्य है। जिस परिसर में बिना लाइसेंस के व्यवसाय संचालित हो रहा है, वैसे परिसर को पकड़े जाने पर सील किया जाएगा। जितने भी व्यवसायिक प्रतिष्ठान म्युनिसिपल लाइसेंस ले चुके हैं, वे लाइसेंस की अनुज्ञप्ति को अपने प्रतिष्ठान में ऐसे स्थापित करें जिसका अवलोकन वेरिफिकेशन के क्रम में सहजता के साथ किया जा सके।
इस दौरान नगर प्रबंधक, निगम के कर संग्रहकर्ता, मेसर्स श्री पब्लिकेशन के कर संग्रहकर्ता एवं राजस्व शाखा के पदाधिकारी उपस्थित थे।