RANCHI- श्रावण माह के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने पदाधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
1 min read

RANCHI- श्रावण माह के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने पदाधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

RANCHI- श्रावण माह के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने पदाधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

श्रावण माह 2026 के सफल संचालन एवं मंदिर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों के लेकर बैठक

उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक 09 जून 2026 को समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में श्रावण माह 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन तथा मंदिर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर श्री कुमार रजत, नजारत उपसमाहर्त्ता श्री सुदेश कुमार, सिविल सर्जन श्री प्रभात कुमार, पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सदस्यगण तथा संबंधित विभागों के पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक श्रावण मास रहेगा तथा 3, 10, 17 एवं 24 अगस्त को सोमवार पड़ने के कारण श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ होने की संभावना है। इसे देखते हुए उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, चलंत शौचालय, स्ट्रीट लाइट की मरम्मति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने नगर निगम के नोडल पदाधिकारी को सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए समय पर कार्य पूर्ण कराने को कहा।

स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि नाग पंचमी, पूर्णिमा तथा प्रत्येक सोमवार को मेडिकल टीम निर्धारित समय पर आवश्यक दवाओं एवं स्ट्रेचर के साथ स्थल पर उपलब्ध रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।

यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए भीड़ प्रबंधन की प्रभावी योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मजिस्ट्रेट, पुलिस बल एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति इस प्रकार की जाए कि उनकी ड्यूटी में कम-से-कम एक घंटे का ओवरलैप रहे, जिससे किसी भी समय व्यवस्था में शिथिलता न आने पाए।

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने गर्भगृह तक निर्बाध एवं सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी प्रकार का लीकेज अथवा शॉर्ट सर्किट नहीं होना चाहिए। इसके लिए विद्युत विभाग को आयोजन प्रारंभ होने से एक सप्ताह पूर्व सुरक्षा प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पूरे आयोजन अवधि के दौरान बिजली विभाग के कर्मियों की चौबीसों घंटे प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी के समीप सर्विस रोड की मरम्मति तथा पहाड़ी मंदिर के आसपास के अप्रोच रोड को दुरुस्त करने के निर्देश पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को दिये। इसके अलावा ड्रेनेज व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा खुली नालियों को ढंकने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में श्रद्धालुओं की आवाजाही के मार्गों से अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा प्लास्टिक थैलियों का उपयोग न करने हेतु लोगोें को जागरुक करने का का निर्देश दिया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वित रूप से कार्य करने को कहा गया।

समन्वय एवं संचार व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए एक सेट वॉकी-टॉकी क्रय करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे आयोजन अवधि के दौरान विभिन्न इकाइयों के बीच त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सके।

बैठक के दौरान पहाड़ी मंदिर विकास समिति के वित्तीय एवं प्रशासनिक विषयों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने पिछले एक वर्ष के बैंक लेन-देन का विवरण प्राप्त करने के उपरांत संबंधित बैंक खाते को बंद करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

बैठक में मंदिर संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रावण मेले के सफल आयोजन से संबंधित अन्य विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।